सेल आईएसपी में डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन इन स्टील मैन्युफैक्चरिंग दतस्म 2026 का सफल समापन

बर्नपुर : सेल–इस्को स्टील प्लांट (आईएसपी), बर्नपुर द्वारा आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन ‘डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन इन स्टील मैन्युफैक्चरिंग (DTSM-2026)’ का 11 जुलाई को सफलतापूर्वक समापन हुआ। 10–11 जुलाई को बर्नपुर क्लब में आयोजित इस सम्मेलन का विषय था—“इस्पात निर्माण में डिजिटल नवाचार : सुरक्षित, स्मार्ट एवं सतत भविष्य की दिशा में।”
सम्मेलन का उद्घाटन निदेशक प्रभारी (आईएसपी एवं डीएसपी) सूरजित मिश्रा ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया तथा सम्मेलन स्मारिका का विमोचन किया। इस अवसर पर कार्यकारी निदेशक (परियोजनाएँ) प्रवीण कुमार, कार्यकारी निदेशक (वर्क्स) विपिन कुमार सिंह तथा कार्यकारी निदेशक (डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन), सेल दीपक जैन ने इस्पात उद्योग में डिजिटल परिवर्तन की आवश्यकता और सेल की प्रतिबद्धता पर अपने विचार व्यक्त किए।
सम्मेलन की अध्यक्षता एवं आयोजन मुख्य महाप्रबंधक (विद्युत, इंस्ट्रूमेंटेशन एवं ऑटोमेशन) प्रदीप कुमार मिश्रा के नेतृत्व में किया गया। आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के उप निदेशक प्रो. धीरज कुमार ने मुख्य व्याख्यान दिया। समापन अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन) एवं प्रभारी कार्यकारी निदेशक (कार्मिक एवं प्रशासन) जितेन्द्र कुमार, मुख्य महाप्रबंधक (एम एंड यू) एस. आर. दास, मुख्य महाप्रबंधक (एसडीटीडी) इंद्रनील बनर्जी, महाप्रबंधक (आईएडी) एस. के. चंदा, उप महाप्रबंधक (ईटीएल) मिथुन कुमार सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं अभियंता उपस्थित रहे। धन्यवाद ज्ञापन अपर महाप्रबंधक (आईएडी-ए एंड डी) दीपक कुमार ने दिया।
दो दिनों के दौरान आयोजित पाँच तकनीकी सत्रों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, एडवांस्ड एनालिटिक्स, इंडस्ट्रियल आईओटी, कंप्यूटर विज़न, रोबोटिक्स, डिजिटल ट्विन, साइबर सुरक्षा, सतत इस्पात निर्माण तथा उभरती डिजिटल प्रौद्योगिकियों पर विशेषज्ञों ने अपने अनुभव साझा किए।
सम्मेलन में 61 संस्थानों, 29 तकनीकी प्रदर्शनी स्टॉल, 16 स्टार्ट-अप्स तथा 268 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। मैकिंज़ी एंड कंपनी, जेएसडब्ल्यू स्टील, एक्सेंचर, टाटा स्टील सहित अनेक अग्रणी संस्थानों के विशेषज्ञों ने व्याख्यान दिए। टाटा स्टील कलिंगानगर के पी. एस. श्रीनिवास ने "स्टील निर्माण में डिजिटलीकरण की यात्रा" विषय पर विशेष प्रस्तुति दी।
Siemens, Honeywell, Primetals Technologies, Danieli सहित अनेक प्रमुख प्रौद्योगिकी कंपनियों ने नवीनतम डिजिटल समाधान प्रदर्शित किए। वहीं दुर्गापुर, भिलाई, राउरकेला, बोकारो स्टील प्लांट, CET, RDCIS तथा SAIL-SDTD ने अपनी डिजिटल पहलों का प्रदर्शन किया। आईआईटी (आईएसएम) धनबाद, बीआईटी सिंदरी तथा आसनसोल इंजीनियरिंग कॉलेज की भागीदारी ने सम्मेलन को उद्योग–शिक्षा जगत के प्रभावी समन्वय का उत्कृष्ट मंच बनाया।
सम्मेलन का समापन वैलेडिक्टरी सत्र एवं आईएसपी संयंत्र भ्रमण के साथ हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने संयंत्र में लागू डिजिटल तकनीकों का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। यह सम्मेलन इस्पात उद्योग में डिजिटल नवाचार, ज्ञान-साझाकरण तथा उद्योग–शिक्षा सहयोग को नई दिशा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।
Click Here to Visit
What's Your Reaction?